गणेश विसर्जन के दो दिनों में शहर की सड़कों पर जुलूस और झांकियों के साथ वाहनों का दबाव बढ़ेगा. इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने 24 और 25 सितंबर के लिए रूट प्लान जारी किया है. शहर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पचरी घाट और सरकंडा का छठ घाट निर्धारित किए गए हैं. इन दोनों मार्गों तक पहुंचने वाले कई कनेक्टिंग रास्तों पर जरूरत के अनुसार वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित या डायवर्ट किया जाएगा.
यातायात पुलिस के अनुसार कोतवाली, सिविल लाइन, तोरवा और तिफरा क्षेत्र से निकलने वाली झांकियां और जुलूस पचरी घाट की ओर जाएंगे, जबकि सरकंडा, मोपका और आसपास के क्षेत्रों की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए छठ घाट का रूट तय किया गया है. जुलूस के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आयोजकों से पर्याप्त संख्या में वालंटियर रखने को कहा गया है, जो यातायात पुलिस के साथ व्यवस्था संभालेंगे.
विसर्जन रैली के लिए देवकीनंदन चौक, राघवेंद्र तिराहा, सिम्स चौक, कोरोना चौक, मिशन चौक, अमरनाथ गोल बाजार चौक, कोतवाली चौक, जवाली नाला चौक, हटरी चौक, पचरी घाट और गांधी चौक प्रमुख रूट निर्धारित किए गए हैं. इनसे जुड़ने वाले कनेक्टिंग मार्गों पर यातायात को आवश्यकतानुसार परिवर्तित किया जाएगा. यातायात पुलिस ने नागरिकों से रैली के दौरान इन मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है.

