बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) के 7 मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। सामने आए मामलों में 5 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 2 मरीजों का इलाज शहर के अपोलो अस्पताल में जारी है।
अस्पताल में भर्ती मरीजों में एक 75 वर्षीय महिला भी शामिल हैं। उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार बताया गया है और उन्हें ICU से बाहर लाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग मरीजों की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है।स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संदिग्ध मरीजों की पहचान, जांच और निगरानी तेज कर दी है। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से सर्दी, खांसी या तेज बुखार जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।

