बेमेतरा : अपर कलेक्टर ने कलेक्टर पर लगाए मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप, आयोग से लगाई न्याय की गुहार

img 20260802 wa0021

बेमेतरा। बेमेतरा जिले में प्रशासनिक स्तर पर एक गंभीर विवाद सामने आया है। अपर कलेक्टर गुड्डू लाल जगत ने राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग को एक आवेदन सौंपकर जिला कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई पर मानसिक एवं प्रशासनिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

आवेदन में अपर कलेक्टर ने आरोप लगाया है कि उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि बार-बार कारण बताओ नोटिस जारी कर उन्हें परेशान किया गया, सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया तथा प्रशासनिक स्तर पर भी लगातार दबाव बनाया गया।

अपर कलेक्टर ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि इन परिस्थितियों के कारण वे लंबे समय से मानसिक तनाव में हैं और कई दिनों से ठीक से सो नहीं पा रहे हैं। उन्होंने लिखा है कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना, दुर्घटना अथवा मृत्यु होती है, तो इसके लिए बेमेतरा कलेक्टर को जिम्मेदार माना जाए।

1000102608

इस आवेदन के सामने आने के बाद जिले के प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। फिलहाल इस मामले में जिला कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अब इस पूरे मामले पर राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग क्या रुख अपनाता है और आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। मामले की आधिकारिक जांच और संबंधित पक्षों के जवाब के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

(नोट: यह समाचार अपर कलेक्टर द्वारा आयोग को दिए गए आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है तथा संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर समाचार को अद्यतन किया जाएगा।)

:::

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *