बेमेतरा। जिले के अपर कलेक्टर गुड्डू लाल जगत ने राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग को भेजे गए एक आवेदन में जिला कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई पर लगातार मानसिक एवं प्रशासनिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन में उन्होंने कहा है कि उन्हें बार-बार कारण बताओ नोटिस जारी कर परेशान किया गया, सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया तथा लगातार मानसिक दबाव बनाया गया।
अपर कलेक्टर ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि इस मानसिक प्रताड़ना के कारण वे पिछले कई दिनों से अत्यधिक तनाव में हैं और रात में ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं। उनका कहना है कि लगातार हो रही इस स्थिति का उनके मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है।

आवेदन में उन्होंने यह भी लिखा है कि यदि मानसिक तनाव के कारण उनके साथ कोई अप्रिय घटना, दुर्घटना अथवा मृत्यु होती है, तो इसके लिए जिला कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई को जिम्मेदार माना जाए।
सोशल मीडिया पर सामने आए आवेदन की प्रति में भी मानसिक प्रताड़ना और तनाव का उल्लेख किया गया है, जिसमें उन्होंने न्याय की मांग करते हुए संबंधित आयोग से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।
फिलहाल इस मामले में जिला प्रशासन अथवा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की सत्यता और आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच एवं आयोग की प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
TheHoneyBadger इस मामले से जुड़े सभी आधिकारिक पक्षों और आगे होने वाले घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।

