TV Actor Rohit Chandel Arrested: फेमस टीवी एक्टर रोहित चंदेल गिरफ्तार हुए हैं। पॉक्सो एक्ट मामले में मुंबई पुलिस ने शूटिंग के दौरान रोहित चंदेल को गिरफ्तार कर अपने साथ लेकर गई। रोहित चंदेल पर 16 साल की नाबालिग ने छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया है। इसके बाद पुलिस ने ‘सैराब’ (Sairaab) एक्टर रोहित चंदेल को गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक रोहित के खिलाफ 10 जुलाई को पॉक्सो एक्ट (प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज) के तहत शिकायत दर्ज हुई थी। 10 जुलाई को ही उन्हें दहिसर स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर स्पेशल पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया। फिलहाल एक्टर कस्टडी में हैं।
एक्टर पर आरोप हैं कि वह नाबालिग लड़की को अपने नंबर से कॉल कर बार-बार परेशान कर रहे थे। नाबालिग ने उनका फोन उठाना बंद किया, तो एक्टर दूसरे नंबर से बार-बार कॉल कर परेशान करने लगे। शिकायत के अनुसार, 5 जुलाई को रोहित ने लड़की को उसके घर के पास जबरदस्ती रोकने की कोशिश की और बाद में उसका पीछा भी किया। जब नाबालिग ने विरोध किया, तो एक्टर ने बहस करते हुए उसे गालियां दीं और मारपीट की। शुक्रवार को मुंबई के पूर्वी उपनगर की रहने वाली नाबालिग की शिकायत मिलने पर पंत नगर पुलिस स्टेशन ने एक्टर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 के तहत पीछा करने (स्टॉकिंग) और धारा 115(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

कौन हैं रोहित चंदेल
बता दें कि रोहित चंदेल भारतीय टेलीविजन का एक जाना-माना चेहरा हैं। रोहित चंदेल वर्तमान में टीवी शो ‘सैराब’ में नजर आ रहे हैं। रोहित ने साल 2014 में बिग मैजिक के शो ‘हर मुश्किल का हल अकबर बीरबल’ से टीवी की दुनिया में कदम रखा था। आगे चलकर वे ‘चंद्रगुप्त मौर्य’, ‘तमन्ना’ और ‘ये उन दिनों की बात है’ जैसे कई धारावाहिकों में नजर आए।


