छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और बिगड़ते मौसम को देखते हुए राज्य सरकार ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर 26 सितंबर को प्रदेश के सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है.मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी और कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारी बारिश से नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे स्कूली बच्चों के आवागमन में खतरा उत्पन्न होने की आशंका है. बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए पूरे राज्य में एक दिन के स्कूल बंद का फैसला किया गया है.
मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों और संबंधित विभागों को इस आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घरों में ही सुरक्षित रखें और बिना किसी बेहद जरूरी काम के यात्रा करने से बचें. प्रशासन को भी निचले और जलभराव वाले इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं.

