बिहार के जमुई में हाल ही में लड़की के साथ बदसलूकी का मामला 5 दिन पुराना ही है. इस मामले में पुलिस की तरफ से लगातार कार्रवाई की जा रही है. इन सब के बीच अब समस्तीपुर का एक वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें कुछ मनचले सरेराह एक लड़की के साथ छेड़छाड़ करते हैं. उसको गालियां देते और बेड टच भी करते हैं.
यह घटना 23 सितंबर की बताई जा रही है और वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई है.वीडियो सामने आने के बाद अब एक बार फिर लोगों में जमकर गुस्सा देखने को मिल रहा है. ऐसा इसलिए क्योंकि जमुई में हुई घटना को अभी एक हफ्ता भी नहीं हुआ कि इस तरह की दूसरी घटना ने न सिर्फ सरकार बल्कि पुलिस पर भी कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं.
वीडियो सामने आने के बाद अब एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने खुद इस मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी. अब देखना होगा कि इस मामले में किन किन लोगों पर कार्रवाई की जाती है. इसके साथ इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सरकार और पुलिस की तरफ से क्या-क्या कदम उठाए जाते हैं.

