जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ जांजगीर-चांपा जिले के चांपा पुलिस थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। महुआ शराब के मामले में गिरफ्तार किए गए मेहंदीपारा निवासी शिव साहिस उर्फ गुल्लू की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों और मोहल्लेवासियों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोगों ने चांपा थाने का घेराव कर दिया है।चांपा पुलिस ने बीते दिनों शिव साहिस को महुआ शराब से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद रात में उसकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस द्वारा उसे इलाज के लिए शासकीय बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि सुबह तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
शिव साहिस की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन और मोहल्लेवासियों की नाराजगी बढ़ने लगी है। परिजनों का आरोप है कि शिव की मौत पुलिस अभिरक्षा में हुई है और गिरफ्तारी के दौरान उसके साथ मारपीट की गई थी। इसी आरोप को लेकर लोगों ने चांपा थाना पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों की ओर से मामले में दो पुलिसकर्मियों को नौकरी से हटाने तथा उचित मुआवजा देने की मांग रखे जाने की जानकारी सामने आई है।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।गरमाने लगा मामला, समझाइश भी और विरोध भीघटना के बाद थाना परिसर के आसपास तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए नगर के जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक भी मौके पर पहुंचने लगे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ लोग परिजनों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों द्वारा परिजनों के साथ खड़े होकर पुलिस कार्रवाई का विरोध किया जा रहा है।
राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

