सक्ति जिले की 326.167 हेक्टेयर खदान के लिए निविदा; रिजर्व प्राइस 90 रुपये प्रति टन तय
रायपुर। छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (CMDC) ने सक्ती जिले के चितापंडरिया डोलोमाइट माइंस के लिए बड़ा टेंडर जारी किया है। टेंडर के तहत चयनित एजेंसी को 25 साल तक डोलोमाइट के राइजिंग कम मार्केटिंग का काम सौंपा जाएगा। खदान जैजैपुर तहसील में स्थित है और इसका कुल क्षेत्रफल 326.167 हेक्टेयर है।
टेंडर दस्तावेज़ के मुताबिक चयनित एजेंसी को डोलोमाइट के उत्खनन, परिवहन और बिक्री के साथ-साथ पर्यावरण एवं वन मंजूरी, सुरक्षा, सड़क रखरखाव और अन्य वैधानिक अनुपालन की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। परियोजना के तहत हर साल 10 लाख टन डोलोमाइट उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।
CMDC ने इस निविदा के लिए रिजर्व प्राइस 90 रुपये प्रति टन तय किया है। वहीं, बोलीदाता के लिए 2 करोड़ रुपये EMD, 75 करोड़ रुपये औसत वार्षिक टर्नओवर, 25 करोड़ रुपये नेटवर्थ और 12 करोड़ रुपये सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट जैसी शर्तें रखी गई हैं। अंतिम चयन ऑनलाइन फॉरवर्ड बिडिंग के जरिए किया जाएगा।

