बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। लगातार हो रही बारिश के चलते बलरामपुर जिले में कन्हर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है और नदी उफान पर पहुंच गई है। नदी-नालों में पानी बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनते नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 19 अगस्त को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। 20 और 21 अगस्त को भी कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
रायपुर में भी लगातार बारिश और बादलों का असर देखने को मिल रहा है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 19 से 22 अगस्त तक रायपुर में रुक-रुककर बारिश या बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं।
लगातार बारिश के चलते नदी-नालों के जलस्तर पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे उफनती नदियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें और मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।

