रायपुर। भगवान शिव को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद रायपुर में विवाद खड़ा हो गया। मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए क्रिश्चियन फोरम के पदाधिकारी अरुण पन्नालाल के घर का घेराव किया। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर भगवान शिव को लेकर की गई कथित टिप्पणी के सामने आने के बाद हिंदू संगठनों में नाराजगी बढ़ गई। बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को 21 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है। मामले को लेकर पुलिस जांच जारी है और टिप्पणी से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

