रायपुर। अधिराज ग्रुप के डायरेक्टर पर अपनी ही बहन और जीजा से करीब 1.25 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने डबल प्रॉफिट का लालच देकर दोनों से कंपनी में निवेश कराया। बाद में फर्जी दस्तावेज और कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर के जरिए उन्हें फर्म से बाहर कर दिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि निवेश के समय बेहतर रिटर्न और साझेदारी का भरोसा दिलाया गया था। लेकिन कुछ समय बाद बिना जानकारी दिए फर्म से उनका नाम हटा दिया गया। जब उन्होंने निवेश की रकम और हिस्सेदारी की जानकारी मांगी, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ।

पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। यदि फर्जी हस्ताक्षर और धोखाधड़ी के आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले में निवेश, कंपनी के रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।

