कवर्धा | पंडरिया जिले के ब्लॉक स्थित शासकीय नवीन महाविद्यालय कुई-कुकदुर में महिला प्रसाधन (शौचालय) का नाम क्रांतिज्योति माता सावित्रीबाई फुले के नाम पर किए जाने का मामला विवादों में आ गया है। इसको लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
भीम आर्मी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमन अनंत ने इस मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेने और नामकरण में सुधार की मांग की है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि शिक्षा की अग्रदूत और देश की पहली महिला शिक्षिका मानी जाने वाली सावित्रीबाई फुले के नाम पर महिला शौचालय का नामकरण करना उनकी गरिमा के विपरीत है और यह जातिवादी मानसिकता को दर्शाता है। पोस्ट में कहा गया है कि यदि संबंधित प्राचार्य या जिम्मेदार अधिकारी इस नामकरण में सुधार नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

मामला सामने आने के बाद यह मुद्दा सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, इस संबंध में महाविद्यालय प्रबंधन या जिला प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि नामकरण किस उद्देश्य और किस प्रक्रिया के तहत किया गया था।

यदि इस मामले में महाविद्यालय प्रबंधन या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

