पोती की दोस्ती बनी परिवार के लिए मुसीबत, 14.50 लाख रुपये और जेवरात हड़पने का आरोप

dhamki vasuli

बिलासपुर : बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में रंगदारी और धमकी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक बुजुर्ग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया है कि उनकी पोती की दोस्ती कुछ युवकों से हुई, जिसके बाद आरोपियों ने परिवार को डरा-धमकाकर एटीएम से करीब 14 लाख 50 हजार रुपये निकलवा लिए और घर में रखे लगभग 450 ग्राम सोने के जेवरात भी अपने कब्जे में ले लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रार्थी देवी प्रसाद सिंह ने बताया की उनकी पोती की पहचान स्कूल के कुछ युवकों से हुई थी, जिनमें मुख्य रूप से आयुष यादव और उसके कुछ अन्य साथी शामिल बताए गए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन लोगों ने उनकी पोती को अपने प्रभाव में लेकर परिवार पर दबाव बनाया तथा उनके छोटे बेटे से बजरंग चौक स्थित एटीएम के माध्यम से करीब 14.50 लाख रुपये निकलवाए।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने घर में रखे लगभग 450 ग्राम सोने के जेवरात और अन्य कीमती सामान भी भय और धमकी के बल पर ले लिए। प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि एक मौके पर उनकी छह वर्षीय पोती को भी चाकू दिखाकर परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और संपत्ति वापस दिलाने की मांग की है।

सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि प्रार्थी की शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला रंगदारी (एक्सटॉर्शन) से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने कथित रूप से धमकी देकर एटीएम के माध्यम से बड़ी रकम निकलवाई और जेवरात भी हासिल किए। पुलिस ने आयुष यादव और अन्य संदिग्ध साथियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अपराध दर्ज कर लिया गया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *