कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में डीएसपी नेहा पच्चीसिया पर एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी ने वाहन चेकिंग के दौरान कथित अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित आरक्षक/चालक केशव सिंह को निलंबित कर दिया है। साथ ही डीएसपी नेहा पच्चीसिया के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उनके प्रभार से कुठला, माधवनगर और रंगनाथ नगर थाने हटा दिए गए हैं। इन थानों का प्रभार अजाक डीएसपी शिवा पाठक को सौंपा गया है।रिपोर्ट के अनुसार, ट्रांसपोर्ट व्यवसायी महेंद्र कुमार जैन ने 22 जुलाई को पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी।

उनका आरोप है कि वाहन चेकिंग के दौरान उनकी हाईवा गाड़ी रोककर ₹30 हजार की मांग की गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, मौके पर ₹25 हजार और अगले दिन चालक के माध्यम से ₹5 हजार लिए गए। उन्होंने अपने दावों के समर्थन में कुछ साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे हैं।हालांकि, ये फिलहाल आरोप हैं और इनकी सत्यता की पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी।मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य को सौंपी गई है।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी जाएगी। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

