म्बिकापुर | ब्रेकिंग न्यूज़सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र के रेवापुर गांव से विकास के दावों की पोल खोलती एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। गांव में सड़क नहीं होने के कारण पेट में चाकू लगने से घायल युवक हाबिल को ग्रामीणों ने करीब एक किलोमीटर तक खटिया पर उठाकर एंबुलेंस तक पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि एंबुलेंस सड़क के अभाव में गांव तक नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते ग्रामीणों ने घायल युवक को खटिया पर लादकर कच्चे रास्ते से मुख्य मार्ग तक पहुंचाया।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कई बार मांग के बावजूद आज तक गांव में सड़क नहीं बन सकी। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क निर्माण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।यह घटना लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र में विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
हालांकि, प्रशासन की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

