कार्यभार मुक्त कर्मचारी भी DEO कार्यालय में कर रहें नौकरी, कार्यवाही की उठी मांग, 3 दिन का अल्टीमेटम

untitled design 2026 07 26t082610.428

Ambikapur: सरगुजा जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में कार्यमुक्त किए जा चुके अधिकारियों और कर्मचारियों से अब भी कार्य कराए जाने का मामला सामने आया है. इस संबंध में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए तीन दिनों के भीतर कार्रवाई की मांग की है.

कार्यभार मुक्त कर्मचारी भी DEO कार्यालय में कर रहें नौकरी

आरोप है कि लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी कार्यमुक्ति आदेशों के तहत कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके मूल पदस्थापना संस्थानों में भेजा जा चुका है. इसके बावजूद आरोप है कि भरत लाल अग्रवाल (प्राचार्य), संतोष साहू (व्याख्याता) सहित अन्य संलग्न शिक्षक, लिपिक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अब भी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, अंबिकापुर में नियमित रूप से उपस्थित होकर शासकीय कार्य कर रहे हैं. साक्षर भारत परियोजना तथा हॉस्टल अधीक्षक के रूप में संलग्न कुछ कर्मचारियों को भी अब तक कार्यमुक्त नहीं किया गया है, जबकि संबंधित आदेश पहले ही जारी हो चुके हैं.

कार्यवाही की उठी मांग, 3 दिन का अल्टीमेटम

परवेज आलम गांधी ने इसे शासन के आदेशों की अवहेलना और प्रशासनिक अनियमितता बताते हुए मांग की है कि तीन दिनों के भीतर सभी कार्यमुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से हटाकर उनके मूल पदस्थापना संस्थानों में कार्यभार ग्रहण कराया जाए और इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए.

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होती है तो प्रशासनिक पारदर्शिता और जनहित के मुद्दे पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली प्रशासनिक एवं विधिक परिस्थितियों की जिम्मेदारी संबंधित कार्यालय की होगी.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *