केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार, राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद मंत्रिपरिषद से हुए अलग

images (4)

केंद्र सरकार में रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रहे रवनीत सिंह बिट्टू ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में इसकी पुष्टि की गई है। राष्ट्रपति भवन के अनुसार, भारतीय संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत प्रधानमंत्री की सलाह पर रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा स्वीकार किया गया है। इस्तीफा स्वीकार होने के साथ ही वह तत्काल प्रभाव से केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्य नहीं रहे।

रवनीत सिंह बिट्टू जुलाई 2024 से केंद्र सरकार में रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत थे। वे पंजाब की राजनीति का प्रमुख चेहरा माने जाते हैं और भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी रह चुके हैं। वे पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पौत्र हैं।हालांकि, इस्तीफे के पीछे की आधिकारिक वजह फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। राजनीतिक हलकों में इसे आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

हाल के महीनों में उनके राज्यसभा कार्यकाल और पंजाब की सक्रिय राजनीति में वापसी को लेकर भी चर्चाएं तेज थीं।राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि प्रधानमंत्री की सलाह के आधार पर यह निर्णय लिया गया है और इस्तीफा तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। फिलहाल केंद्र सरकार की ओर से उनके स्थान पर किसी नए मंत्री की नियुक्ति की घोषणा नहीं की गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *