कोरबा में टैंकर ने तीन स्कूली बच्चों को कुचला, दो की मौत

image 2026 07 14t191849.120 1 1 1

कोरबा के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी बस स्टैंड के पास बुधवार को तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार तीन स्कूली बच्चों को रौंद दिया। हादसे में सगे भाई-बहन समेत दो बच्चों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने अंबिकापुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर करीब 2 घंटे तक चक्काजाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार कोनकोना बस्ती, गोस्वामी पारा निवासी 13 वर्षीय बूटी गोस्वामी और 12 वर्षीय दशरथ गोस्वामी अपने साथ एक अन्य साथी के साथ स्कूटी में सवार होकर पोड़ी बस स्टैंड सामान लेने आए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार तीनों बच्चे दूर जा गिरे।

हादसे में बूटी और दशरथ की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरे बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। मुआवजे और उचित कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

image

चक्काजाम के कारण नेशनल हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई यात्री बसें, चार पहिया और बाइक सवार जाम में फंसे रहे। करीब 2 घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद तहसीलदार ने मृतक बूटी और दशरथ के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की। इसके बाद ग्रामीण माने और जाम खोला गया।

image


पुलिस ने टैंकर को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से कोनकोना बस्ती में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि पोड़ी बस स्टैंड के पास अक्सर तेज रफ्तार वाहन हादसे करते हैं। यहां स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्त की मांग की गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *