Bilaspur News Update: रेल हादसा, मारपीट और चोरी से दहला शहर

city report

बिलासपुर. पेंड्रारोड स्टेशन से बिलासपुर आ रही खाली मालगाड़ी के तीन डिब्बे करगीरोड स्टेशन में प्लेटफॉर्म 2 पर सोमवार दोपहर अचानक पटरी से उतर गए. इससे स्टेशन में मौजूद रेल कर्मियों और लोगों में हड़कंप मच गया. उतरे डिब्बों के नीचे जेसीबी का बकेट फंसा मिला. इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई. रेलवे इंजीनियरिंग विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और घंटो मशक्कत के बाद पटरी से उतरे डिब्बों को हटाया गया और देर शाम तक पटरी का सुधार कार्य पूरा कर लिया गया.

कटनी रेल मार्ग पर सोमवार की दोपहर 12.30 बजे करगीरोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पेंड्रारोड से बिलासपुर आ रही मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए. इससे कोई जनहानि नहीं हुई. लेकिन स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे इंजीनियरिंग विभाग का अमला और रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. रेलवे के अमले ने शाम तक पटरी से उतरे डिब्बों को हटाया गया. इस घटना से कोई जनहानि नहीं हुई.

प्रारंभिक तौर पर बकेट फंसने से दुर्घटना होने की शंका व्यक्त की जा रही है. बहरहाल रेलवे के जांच दल ने जांच शुरू कर दिया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ पायेगा.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पटरी से उतरे डिब्बों के नीचे जेसीबी का बकेट फंसा मिला, इस वजह से दुर्घटना होने की शंका जताई. लोगों का कहना है कि पेंड्रारोड-करगीरोड स्टेशन के बीच रेलवे का निर्माण कार्य चल रहा है. और जेसीबी का बकेट गिरा हो और डिब्बों में फंस गया.

गणेश नगर स्थित पानी टंकी की सफाई आज

बिलासपुर. गणेश नगर स्थित पानी टंकी की 14 जुलाई मंगलवार को सफाई की जाएगी. इसके कारण गणेश नगर, अन्नपूर्णा कॉलोनी, नयापारा और अन्य क्षेत्रों में शाम के समय पानी की सप्लाई नहीं हो पाएगी.

गौ तस्करी के शक में पिकअप चालक से मारपीट

कोरबा. गोढ़ी के समीप कुछ बदमाशों ने पिकअप चालक को रोक लिया. उनके अन्य साथी भी पीछा करते मौके पर पहुंच गए. उन्होंने गौ तस्करी के शक में जशपुर से शिक्षक का सामान लेकर आ रहे पिकअप चालक की हाथ मुक्के, बेल्ट से पिटाई कर दी. इस दौरान वे खुद एक संगठन का कार्यकर्ता बताते रहे. उन्होंने चालक पर दबाव बनाते हुए एक वीडियो भी तैयार कर लिया. इसके बाद आरोपी फरार हो गए. किसी तरह थाना पहुंचकर चालक ने शिकायत दर्ज कराई. मामले में पुलिस ने जुर्म दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.

घटना रविवार की देर रात घटित हुई. बताया जा रहा है कि सोनू शर्मा नामक युवक पिकअप चालक का काम करता है. वह सुबह पिकअप क्रमांक सीजी 13 एएम 7356 में पशु आहार लोडकर जशपुर के बगीचा गया था. उससे लौटते समय एक शिक्षक की मुलाकात हुई. शिक्षक को तबादला बालको हुआ है,

लिहाजा उसे घरेलू सामान बालको लाना था. शिक्षक के कहने पर सोनू पिकअप में घरेलू सामान लाने तैयार हो गया. वह सामान को लेकर कोरबा की ओर आ रहा था. इसी दौरान भैसमा के समीप दो बाइक में सवार चार युवक ने उसे रोक लिया. वे सोनू से पूछताछ करने लगे. सोनू गाड़ी में घरेलू सामान लोड होने की बात कहते हुए आगे बढ़ गया. वह गोढ़ी के समीप पहुंचा था. इस बीच कुछ युवकों ने पुनः रोक लिया. उन्होंने पिकअप की तलाशी लेने के बाद सामान होने की जानकारी किसी को दी, लेकिन वे चालक को रोककर रखने की बात कहते रहे. थोड़ी देर बाद बाइक सवार युवक भी पीछा करते गोढ़ी पहुंच गए. उन्होंने खुद को एक संगठन का कार्यकर्ता बताते हुए चालक से मारपीट शुरू कर दी. उस पर हाथ मुक्के के अलावा बेल्ट, रॉड व पत्थर से भी हमला कर दिया. चालक के खून से लथपथ होने के बाद भी बदमाशों का दिल नही पसीजा. उन्होंने गलत बयान देने का दबाव बनाते हुए एक वीडियों तैयार कर दिया. इसके बाद चालक को खून से लथपथ छोड़ भाग निकले. घटना के दौरान चालक ने चिंटू व शनि नामक युवकों को एक दूसरे का नाम लेते सुन लिया था. वह किसी तरह वाहन सहित थाना पहुंचा. उसने मामले की शिकायत पुलिस से कर दी. मामले में पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है.

गौ सेवकों की आड़ में मारपीट करने वाले सक्रिय

जिले में गौ सेवकों की आड़ में वाहन चालकों से मारपीट की घटनाएं एक के बाद एक सामने आ रही है. बीते दिनों कुछ लोगों ने पेट्रोल पंप के सामने सो रहे दो ट्रेलर चालक से जमकर मारपीट की थी, अब पिकअप चालक से मारपीट की घटना सामने आई है. मामले में पीड़ित चालक का कहना है कि सिर्फ गौ तस्करी के संदेह में मारपीट करना उचित नहीं है. मामले में संज्ञान लिया जाना चाहिए.

सूने मकान में चोरी की वारदात

कोरबा. बुधवारी बस्ती स्थित सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात घटित हो गई. शातिर चोर दरवाजे में लगा ताला तोड़कर भीतर पहुंचे थे. चोरों ने घर में रखे आलमारी से करीब दो लाख रूपए नगदी के अलावा सोने के जेवर, एक बाइक व स्कूटी को लेकर फरार हो गए. घटना की जानकारी विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे परिवार को मोहल्लेवासियों ने दी. मामले में पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है.

सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत बुधवारी केसीसी कॉलेज के बाजू गली में काजल कुमारी परिवार सहित निवास करती है. वह पावर हाउस रोड स्थित एचडीबी फायनेंस में कार्यरत हैं. उसके बड़ भाई की गृहग्राम बसनबीघा, जिला औरंगाबाद बिहार में 1 से 6 जुलाई तक शादी थी. जिसके लिए परिवार के सभी सदस्य गांव चले गए थे, जबकि काजल 28 जून की सुबह गृहग्राम के लिए रवाना हुई. उसने घर की देखरेख के लिए चाबी अपनी सहेली को दे दी थी. 9 जुलाई की सुबह मोहल्लेवासियों को मकान के दरवाजे में लगा ताला टूटा दिखा, जिसकी जानकारी काजल की सहेली को दी गई. वह मौके पर पहुंची और मामले से काजल और उसके परिजनों को अवगत कराई. उन्होंने

कोरबा पहुंचने के बाद मकान के भीतर जाकर देखा तो सामान अस्त व्यस्त मिला. शातिर चोरों ने घर में खड़ी बाइक क्रमांक सीजी 12 बीडब्ल्यू 2329 व स्कूटी क्रमांक 12 बीआर 4289 के अलावा आलमारी में रखे करीब दो लाख नगदी तथा सोने के जेवर को पार कर दिया था. पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना पुलिस चौकी पहुंचकर दी. मामले में पुलिस ने जुर्म दर्ज करते हुए आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है.

चार औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर 8 लाख रुपये का अर्थदण्ड

रायगढ़. कलेक्टर के निर्देश पर कार्यालय उप संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, रायगढ़ द्वारा जिले में संचालित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों एवं कारखानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान कारखाना अधिनियम 1948 के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारखाना प्रबंधन के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर श्रम न्यायालय रायगढ़ में प्रस्तुत किए गए थे.

इन प्रकरणों की सुनवाई के बाद श्रम न्यायालय रायगढ़ ने माह जून 2026 में महत्वपूर्ण निर्णय सुनाते हुए संबंधित उद्योग प्रबंधन को दोषी पाया तथा उन पर कुल 8 लाख रुपये का अर्थदण्ड अधिरोपित किया है. यह कार्रवाई औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों और श्रम कानूनों के पालन को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

उप संचालक राहुल पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रम न्यायालय रायगढ़ ने मेसर्स एन.आर. इस्पात एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध दायर प्रकरण में कारखाना प्रबंधन को दोषी पाते हुए 1 लाख रुपये के अर्थदण्ड से दंडित किया है. यह प्रकरण औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा 27 अप्रैल 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था. इसी प्रकार मेसर्स जिंदल पावर लिमिटेड के विरुद्ध 8 जुलाई 2025 को दायर प्रकरण में न्यायालय ने 3 लाख रुपये का अर्थदण्ड लगाया. वहीं मेसर्स मित्तल स्टोन क्रशर के विरुद्ध 12 जून 2024 को दर्ज मामले में कारखाना प्रबंधन को 1 लाख 50 हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया गया. इसके अलावा मेसर्स अंजनी स्टील लिमिटेड के विरुद्ध दो अलग-अलग मामलों में न्यायालय ने कारखाना प्रबंधन को दोषी मानते हुए क्रमशः 2 लाख रुपये एवं 50 हजार रुपये के अर्थदण्ड से दंडित किया. ये दोनों प्रकरण 30 जुलाई 2025 एवं 20 फरवरी 2026 को श्रम न्यायालय में प्रस्तुत किए गए थे.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *