bhilai News एकतरफा प्यार में पागल एक युवक ने फार्मेसी की छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी छात्रा से दोस्ती करना चाहता था, लेकिन युवती ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया और लगातार परेशान किए जाने से तंग आकर उसे मोबाइल पर ब्लॉक कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने वारदात की साजिश रची और छात्रा को अकेला पाकर पहले उसका गला दबाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसने चाकू से ताबड़तोड़ करीब 10 वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से छात्रा का पीछा कर रहा था और उससे एकतरफा प्रेम करता था। छात्रा द्वारा लगातार दूरी बनाए रखने और ब्लॉक किए जाने के बाद वह बौखला गया और उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां उससे पूरी वारदात का सीन रिक्रिएट कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल चाकू समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद कर लिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि छात्रा के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

