बजाज फाइनेंस की ओर से एलन इंस्टीट्यूट रायपुर में साइबर जागरूकता अभियान आयोजित
एसीपी दीपक मिश्रा एवं साइबर पुलिस के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए
रायपुर, 17 अक्टूबर 2026। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से बजाज फाइनेंस की ओर से रायपुर स्थित एलन इंस्टीट्यूट में साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन ठगी से बचाव तथा डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में एसीपी कोतवाली श्री दीपक मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। साइबर पुलिस के अधिकारी श्री महेंद्र सिंह राजपूत एवं श्री अमित वर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि इंटरनेट, सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल भुगतान के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधी भी ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता बेहद आवश्यक है।
विद्यार्थियों को बताए साइबर ठगी से बचाव के उपाय
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी मैसेज, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी, ऑनलाइन भुगतान में ठगी तथा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर किए जाने वाले साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी गई। साइबर पुलिस के अधिकारियों ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर की जाने वाली ठगी के प्रति भी सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध की स्थिति में उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने तथा समय रहते पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
बजाज फाइनेंस ने वित्तीय एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
इस अभियान में बजाज फाइनेंस रायपुर शाखा की ओर से रीजनल मैनेजर श्री पंकज गायकवाड़, सीनियर एरिया मैनेजर श्री मनीष उके एवं एरिया मैनेजर श्री निखिल मिश्रा ने सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि साइबर सुरक्षा प्रत्येक इंटरनेट उपयोगकर्ता की जिम्मेदारी है |