चीटिंग के आरोप से आहत IIT बॉम्बे के छात्र की खुदकुशी, कैंपस में भारी प्रदर्शन

rzuhqpq7celbszbvebkf

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे के पोवई कैंपस से एक बेहद दुखद और तनावपूर्ण खबर सामने आई है. शुक्रवार शाम संस्थान के ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग के द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वाकोड ने अपने हॉस्टल के कमरे में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद से पूरे परिसर में भारी तनाव का माहौल है और छात्रों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है.

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के इस्तेमाल के आरोप से शुरू हुई. बताया जा रहा है कि साहिल परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल ‘चैटजीपीटी’ (ChatGPT) के जरिए प्रश्नों के उत्तर तलाश रहा था. कक्ष निरीक्षक द्वारा पकड़े जाने के बाद मामले को विभाग के प्रमुख (HOD) और संबंधित शिक्षक के समक्ष ले जाया गया.

आईआईटी बॉम्बे प्रशासन की ओर से जारी बयान के अनुसार, अधिकारियों और शिक्षकों ने छात्र की काउंसिलिंग की थी और उसे यह आश्वस्त किया था कि इस घटना का उसके आने वाले शैक्षणिक करियर पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा.

बातचीत के बाद छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में चला गया, लेकिन कुछ ही समय बाद वह मृत पाया गया. प्रशासन ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि वह मृतक के दोस्तों, सहपाठियों और परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है तथा मामले की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है.

दूसरी ओर, इस दुखद खबर के फैलते ही संस्थान के छात्र सड़कों पर उतर आए और देर रात तक परिसर में विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि प्रशासन पूरी सच्चाई को दबाने की कोशिश कर रहा है.

छात्रों का दावा है कि वाकोड को परीक्षा में नकल के आरोप में 1 साल के निलंबन और हॉस्टल खाली करने की धमकी दी गई थी. छात्रों का कहना है कि यदि ऐसा होता तो वाकोड का 4 साल का इंजीनियरिंग कोर्स बढ़कर 5 साल या उससे अधिक का हो जाता. इसी कड़ी कार्रवाई के डर और भारी मानसिक तनाव के चलते छात्र ने यह खौफनाक कदम उठाया

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने प्रशासन से इस पूरे मामले में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्ष जांच की मांग की है. छात्रों का कहना है कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि पिछले छह महीनों के भीतर आईआईटी पोवई कैंपस में खुदकुशी की यह तीसरी घटना है. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से संस्थान के शैक्षणिक माहौल और छात्रों पर पड़ रहे मानसिक दबाव पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.कैंपस में लगातार बिगड़ती स्थिति और छात्रों के भारी जमावड़े को देखते हुए मुंबई पुलिस ने एहतियातन मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है.

कैंपस में लगातार बिगड़ती स्थिति और छात्रों के भारी जमावड़े को देखते हुए मुंबई पुलिस ने एहतियातन मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दत्तात्रय नलावड़े ने बताया कि छात्र की मृत्यु के कारणों की गहन जांच की जा रही है और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस बल मौके पर मौजूद है. फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में छात्र प्रतिनिधियों और आईआईटी प्रशासन के बीच बातचीत जारी है ताकि मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सके

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *