बिलासपुर. महतारी वंदन योजना के तहत सरकारी सहायता लेने वाली महिलाओं की पात्रता की जांच में बिलासपुर जिले में 542 हितग्राही अपात्र पाए गए हैं. जिले में योजना का लाभ ले रहीं 4 लाख 17 हजार 902 महिलाओं की पात्रता जांच के दौरान ये मामले सामने आए. महिला एवं बाल विकास विभाग ने अपात्र हितग्राहियों से करीब 30 लाख रुपए की राशि की वसूली की है. विभाग का कहना है कि वसूली और सत्यापन की कार्रवाई लगातार जारी है.
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की सहायता सीधे उनके आधार लिंक बैंक खातों में जमा की जाती है. बिलासपुर जिले में बड़ी संख्या में महिलाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं. शिकायतों और शासन स्तर से मिली जानकारी के आधार पर विभाग ने हितग्राहियों की पात्रता का सत्यापन शुरू किया. जांच के दौरान 542 महिलाएं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं मिलीं.
बिलासपुर जिले में महतारी वंदन योजना की अब तक 31 किश्तें जारी की जा चुकी हैं. इन किश्तों के माध्यम से करीब 12.16 अरब रुपए हितग्राहियों के बैंक खातों में जमा किए गए हैं. बड़ी संख्या में महिलाओं को नियमित रूप से आर्थिक सहायता मिलने के बीच अपात्र हितग्राहियों की पहचान और उनसे राशि की वसूली की कार्रवाई भी की जा रही है.मृत हितग्राहियों के उत्तराधिकारियों से वसूलीजांच के दौरान ऐसे मामले भी सामने आए हैं,
जिनमें योजना का लाभ लेने वाली हितग्राही की मृत्यु हो चुकी थी. इसके बाद भी खाते से योजना की राशि आहरित किए जाने के मामलों में विभाग ने संबंधित उत्तराधिकारियों से राशि की वसूली की है. अब तक ऐसे मामलों में 7 लाख 60 हजार रुपए की वसूली किए जाने की जानकारी दी गई है.

