छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियों में आने वाले दिनों में कमी देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश में बारिश की तीव्रता कम रहने की संभावना है. हालांकि कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने और मौसम के पूरी तरह साफ नहीं होने का अनुमान है
बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर और कोंडागांव में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है.
कमजोर पड़ रहा मौसम सिस्टममौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और आसपास बना मौसम सिस्टम अब कमजोर हो रहा है. इसका असर प्रदेश में बारिश की गतिविधियों पर भी दिखाई देगा. हालांकि स्थानीय परिस्थितियों के कारण कुछ इलाकों में अचानक बारिश हो सकती है. गरज-चमक के दौरान मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.

