चिरमिरी के गांधीनगर थाना क्षेत्र में स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी छात्र नेता ज्ञान प्रकाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के एनएसयूआई प्रभाग का उपाध्यक्ष था। मामला सामने आने के बाद सरगुजा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने उसे पद और पार्टी से निलंबित कर दिया है
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के चिरमिरी गोदरीपारा निवासी 19 वर्षीय छात्रा अंबिकापुर के राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी और पटपरिया स्थित अपनी दीदी और जीजा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। 11 सितंबर को कॉलेज से लौटने और भोजन करने के बाद वह कमरे में सोने चली गई। अगले दिन सुबह जब वह कमरे में नहीं मिली तो जीजा ने पत्नी को देखने भेजा।
शौचालय की खिड़की से झांकने पर छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार छात्रा की सहेलियों ने बताया कि मुक्तिपारा निवासी एनएसयूआई नेता ज्ञान प्रकाश तिवारी के पास उसकी निजी चैट और वीडियो थे। आरोप है कि वह इन्हें परिजनों को दिखाने की धमकी देकर छात्रा को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था
छात्रा के जीजा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल भी जब्त किया है। घटना के बाद आरोपी फरार था। 12 सितंबर की रात आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं और मृतका के परिजनों ने गांधीनगर थाने के सामने एनएसयूआई का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर राजनीतिक दबाव में आरोपी को बचाने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने 14 सितंबर को फरार आरोपी ज्ञान प्रकाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया

