दलीप ट्रॉफी 2026 का खिताब जीतकर ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन ने इतिहास रच दिया है. चेन्नई के चेपॉक में खेले गए फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन ने अपने बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत पहली पारी की बढ़त के आधार पर 13 साल बाद दलीप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया है. साउथ जोन और ईस्ट जोन के बीच खेला गया यह मुकाबला भले ही ड्रॉ पर खत्म हुआ, लेकिन पहली पारी में मिली बढ़त ने ईशान किशन की टीम को चैंपियन बना दिया है.
13 साल बाद जीता खिताबचेन्नई के एम ए चिदम्बरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में ईस्ट जोन ने 13 साल बाद अपना तीसरा दलीप ट्रॉफी खिताब जीता है. खास बात यह है कि 13 साल पहले भी ईस्ट जोन की टीम इसी मैदान पर दलीप ट्रॉफी का फाइनल जीतकर चैंपियन बनी थी. ईस्ट जोन की इस जीत के हीरो उनके कप्तान ईशान किशन रहे, जिन्होंने खिताबी मुकाबले में कप्तानी पारी खेली. दलीप ट्रॉफी फाइनल में तूफानी बल्लेबाजी कर ईशान ने रेड बॉल क्रिकेट में वापसी की दावेदारी पेश कर दी है.
साउथ जोन के खिलाफ खेले पहले फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और पहली ही पारी में दोहरा शतक जड़कर अपनी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. पहली पारी में ईशान ने 334 गेंदो में 270 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 30 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. इसके बाद दूसरी पारी में भी ईशान का बल्ला जमकर बोला. दूसरी पारी में उन्होंने 9 चौके और 3 छक्के की मदद से 80 रन की पारी खेली.
कुछ ऐसा रहा मैच का हालमैच की बात करें तो टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट जोन की टीम ने पहली पारी में 708 रन कूट डाले. जबकि साउथ जोन की टीम पहली पारी में 336 रनों पर ही सिमट गई. दूसरी पारी में ईस्ट जोन ने 7 विकेट खोकर 388 रन बनाए और मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ. हालांकि पहली पारी की बढ़त के आधार पर ईस्ट जोन को दलीप ट्रॉफी 2026 का चैंपियन घोषित किया गया.
