छत्तीसगढ़ के उत्तरी क्षेत्र के हवाई यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है. एलायंस एयर द्वारा संचालित बिलासपुर-अंबिकापुर-कोलकाता कनेक्टिंग/स्टॉपओवर हवाई सेवा (Connecting/Stopover Flight) बंद कर दी गई है. अब यह विमान सीधे कोलकाता-बिलासपुर-कोलकाता मार्ग पर ही संचालित होगा. वहीं क्षेत्रीय विमानन कंपनी फ्लाई 91 ने अपने बेड़े का विस्तार करते हुए 40 नए एटीआर-72 विमानों का ऑर्डर दिया है. इससे बिलासपुर में हवाई सेवाओं के विस्तार की उम्मीद बढ़ी है.
एलायंस एयर ने समर शेड्यूल (Summer Schedule) में बिलासपुर-कोलकाता-बिलासपुर के बीच संचालित होने वाली फ्लाइट को अंबिकापुर होकर चलाने का निर्णय लिया था. यह सेवा 2 अप्रैल को शुरू हुई थी और सप्ताह में दो दिन, गुरुवार और शनिवार को संचालित की जा रही थी. विमान कोलकाता से बिलासपुर, फिर बिलासपुर से अंबिकापुर और वहां से वापस कोलकाता जाता था.
हालांकि अंबिकापुर के दरिमा एयरपोर्ट वाले रूट पर शुरुआत से ही यात्रियों का रुझान काफी कम रहा. उद्घाटन उड़ान में भी अंबिकापुर से कोलकाता जाने के लिए महज तीन यात्री मिले थे. कई सप्ताह तक प्रयास के बावजूद यात्रियों की संख्या में खास सुधार नहीं हुआ. इसके चलते अब अंबिकापुर स्टॉप (Stop) को हटा दिया गया है.
अंबिकापुर रूट भले ही बंद हो गया हो, लेकिन बिलासपुर और कोलकाता के बीच सीधी उड़ान (Direct Flight) जारी रहेगी. यह फ्लाइट निर्धारित शेड्यूल के अनुसार गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी. अंबिकापुर स्टॉप हटने से बिलासपुर से सीधे कोलकाता जाने वाले यात्रियों का समय बचेगा और दोनों शहरों के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी बनी रहेगी.

