रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कई स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वे सुबह 11.30 बजे मेफेयर लेक रिसोर्ट में आयोजित खनिज साधन विभाग के कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 3.15 बजे किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति के समापन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. झीरम घाटी हत्याकांड का आज आएगा फैसलारायपुर. छत्तीसगढ़ के चर्चित झीरम कांड मामले में आज कोर्ट का फैसला आ सकता है. NIA कोर्ट दोपहर तक इस मामले में अपना निर्णय सुनाएगा. मामले में 101 गवाहों और 100 आरोपियों के बयानों के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने 31 अगस्त को फैसला सुनाने की तारीख तय की थी. ऐसे में आज आने वाले फैसले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
आरंग. क्षेत्र में बीते दो महीनों से जारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा 3 सितंबर तक जारी अलर्ट के बीच सिंचाई विभाग ने गंगरेल बांध का पट (गेट) खोल दिया है. बांध से करीब 2500 क्यूसेक पानी नहरों में छोड़ा गया है. सिंचाई का यह पानी 58 मील से पहले स्थित ग्राम कुकरा फाल तक सोमवार सुबह तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है. मौसम के मौजूदा मिजाज को देखते हुए पानी छोड़े जाने के इस फैसले पर किसान समुदाय में दोहरी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है.
इस वर्ष अच्छी मानसून वर्षा के कारण अधिकांश क्षेत्रों के खेतों में पर्याप्त नमी है, जिससे किसान फिलहाल अतिरिक्त सिंचाई पानी की जरूरत महसूस नहीं कर रहे हैं. स्थानीय किसानों की चिंता है कि ऐसे में नहर से छोड़ा गया पानी बड़ी मात्रा में इस्तेमाल हुए बिना नदी-नालों में बेकार बह जाएगा. वहीं विभागीय सूत्रों के मुताबिक, यह पानी पलारी क्षेत्र से आई मांग
को पूरा करने के लिए छोड़ा गया है. रायपुर जिला जल उपभोक्ता संस्था संघ के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि इस बार धान की बोवाई अलग-अलग समय पर हुई है, इसलिए यदि आगे मानसून थमता है, तो किसानों को लंबे समय तक पानी की आवश्यकता पड़ सकती है.
रायपुर. बस्तर संभाग में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का आज दूसरा दिन है. 1 सितंबर तक ट्रेनिंग चलेगी. पार्टी ने इसके लिए दिल्ली से विषय विशेषज्ञों को बुलाने के साथ प्रदेश के वरिष्ठ और संबंधित विषयों के जानकार नेताओं को भी जिम्मेदारी दी है. इसके बाद 5 से 7 सितंबर तक बिलासपुर संभाग, 10 से 12 सितंबर तक दुर्ग संभाग, 15 से 17 सितंबर तक सरगुजा संभाग और अंत में 20 से 22 सितंबर तक रायपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा.

