मुंगेली. मुंगेली जिले के नगर पंचायत जरहागांव निवासी सर्पमित्र सुरेंद्र कुमार के वर्षों से किए जा रहे निःस्वार्थ सर्प रेस्क्यू कार्य को जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर सम्मानित किया. लल्लूराम डॉट कॉम ने सुरेंद्र की जनसेवा और जोखिम भरे सर्प रेस्क्यू कार्य को प्रमुखता से सामने लाते हुए उनकी समस्याओं और आवश्यक संसाधनों की जरूरत को लेकर खबर प्रकाशित की थी. खबर का संज्ञान लेते हुए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने उनके सेवा कार्य को सराहा और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में उन्हें सम्मानित किया. सम्मान पत्र कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक पुन्नूलाल मोहले के हाथों दिया गया.
बता दे कि मुख्य अतिथि विधायक पुन्नूलाल मोहले ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया. उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया. इसमें समाज सेवा करने वाले इस सर्प मित्र को भी सम्मानित किया गया.
सुरेंद्र कश्यप पिछले करीब 15 वर्षों से लोगों की जान बचाने के साथ-साथ सांपों को भी सुरक्षित रखने का काम कर रहे हैं. अब तक वे 500 से अधिक जहरीले और गैर-जहरीले सांपों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक स्थानों पर छोड़ चुके हैं. जरहागांव सहित आसपास के गांवों में घर, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और कार्यालयों में सांप निकलने की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू करते रहे हैं.

