रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में एम्स अस्पताल के सामने एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय गुलाबरंग बाठी, निवासी मोहबा बाजार के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।बताया जा रहा है कि एक युवती कार से मौके पर पहुंची थी। वहां मृतक और युवती के बीच विवाद हुआ। विवाद के बाद युवती कार में बैठकर जाने लगी, जिसे रोकने के लिए युवक चलती कार की छत पर चढ़ गया।

वह काफी दूर तक कार को रोकने की कोशिश करता रहा।कुछ दूरी पर कार चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे युवक सड़क पर गिर गया और गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कार सवार युवक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार युवक की तलाश में जुटी है।

