गरियाबंद जिले में लगातार बारिश के चलते ग्रामीण इलाकों की कच्ची सड़कें जलमग्न हो गई हैं। कई जगह हालात ऐसे हैं कि स्कूली बच्चों को कमरभर पानी पार कर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन भी प्रभावित हुआ है और ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान कच्ची सड़क पूरी तरह तालाब में तब्दील हो जाती है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को होती है, जिन्हें पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। इससे हादसे की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क के सुधार और जल निकासी की व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
इधर, मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया है। आज प्रदेश के 6 जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है।
बारिश के बीच गरियाबंद में बच्चों का इस तरह पानी पार कर स्कूल जाना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और सड़क की स्थिति सुधारने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

