बिलासपुर में भूसे से भरे ट्रक की चपेट में आई बाइक, महिला 25 मीटर तक घिसटती रही

04 08 2026 highwayaccdent268 m

बिलासपुर। सकरी क्षेत्र में मंगलवार की सुबह हुए सड़क हादसे में भूसे से भरे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कोपरा जलाशय (डैम) के पास हुआ, जहां महिला ट्रक और बाइक के बीच फंसकर करीब 25 मीटर तक घिसटती चली गई। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू ने बताया कि मुंगेली जिले के लोहाराकापा गांव निवासी पुनौतीन यादव (63) एक व्यक्ति के साथ बाइक से बिलासपुर की ओर आ रही थीं। दोनों कोपरा जलाशय के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे भूसे से भरे ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला बाइक सहित ट्रक के पहियों के नीचे फंस गई और करीब 25 मीटर तक घिसटती रही। हादसे में महिला की कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह कुचल गया तथा उसका एक पैर शरीर से अलग हो गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटनाकारित ट्रक को जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस चालक से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *