दुर्ग में कांग्रेस नेता की हत्या का मामला, कार्यकर्ताओं ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन, पुलिस मामले की जांच में जुटी

durg

Durg News: दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा पुलिस चौकी से महज डेढ़ किलोमीटर दूर ग्राम तुमाकला के उपसरपंच एवं धमधा मंडल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष प्रकाश सिंह कश्यप की हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सोमवार (3 अगस्त) को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने घटना के विरोध में जेवरा-दुर्ग मार्ग पर चक्का जाम कर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने एम्बुलेंस से शव उतारकर विरोध दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इसके बाद सड़क जाम कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 45 वर्षीय प्रकाश सिंह कश्यप रविवार देर रात अपने दो साथियों के साथ भिलाई के शंकराचार्य अस्पताल से लौट रहे थे. करहीडीह और चिखली चौक के बीच चार बाइक सवार बदमाशों ने डंडा अड़ाकर उनकी बाइक रोक ली. बदमाश मोबाइल और नकदी लूटने लगे. विरोध करने पर उन्होंने प्रकाश सिंह पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया. वारदात के बाद आरोपी उनका मोबाइल और करीब चार हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए. साथ में मौजूद एक युवक किसी तरह जान बचाकर भागा और पुलिस को सूचना दी. गंभीर रूप से घायल प्रकाश सिंह को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

प्रकाश सिंह कश्यप पूर्व सरपंच रह चुके थे, वर्तमान में उपसरपंच थे, जबकि उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप गांव की सरपंच हैं. कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने घटना के लिए पुलिस की उदासीनता और कमजोर गश्त व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि चौकी से इतनी कम दूरी पर हत्या होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है.

पुलिस मामले की जांच में जुटी

वहीं, एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *